बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम विजयनगर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम विजयनगर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 12 वर्षीय बालक विनोद यादव बाकी नदी में डूब गया। ग्रामीणों ने काफी तलाश के बाद उसका शव बाहर निकाला।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का छोटा बेटा विनोद यादव इस वर्ष कक्षा आठवीं में प्रवेश लिया था। वह अपने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित बाकी नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

दोस्त ने बचाने की कोशिश की, नहीं बच सका

विनोद के साथ मौजूद एक साथी ने उसे पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन उसका हाथ छूट गया और वह गहरे पानी में समा गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

आधे घंटे बाद मिला शव

गांव के ही पवन यादव करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरे और लगभग आधे घंटे तक तलाश करने के बाद विनोद के शव को बाहर निकाला।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

सूचना मिलते ही विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गांव में शोक का माहौल

इस हादसे के बाद पूरे विजयनगर गांव में शोक की लहर है। अस्पताल पहुंचे अतिथि शिक्षक संघ के संरक्षक यशपाल दुबे सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

Exit mobile version