छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बेटी से बात करने से मना करने पर युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता पर जानलेवा हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बेटी से बात करने से मना करने पर युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने देर रात पीड़ित के घर में घुसकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस मामले में शामिल सभी 6 आरोपियों को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया। यह मामला पिनकापार चौकी क्षेत्र के ग्राम संबलपुर का है।

घर में घुसकर किया हमला

घटना 30 जून की देर रात की है। ग्राम संबलपुर निवासी गौकरण साहू परिवार के साथ घर में सो रहे थे, तभी 6 आरोपी दो बाइक और एक स्कूटी से गांव पहुंचे। इनमें से दो आरोपी बाहर निगरानी करते रहे, जबकि चार आरोपी घर के अंदर घुस गए।

आरोपियों ने बांस के डंडे और लकड़ी के राफ्टर से गौकरण साहू के सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर उनकी 13 साल की बेटी जाग गई, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

डेढ़ साल पुरानी रंजिश बनी वजह

एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले गौकरण साहू ने मुख्य आरोपी भानूप्रताप जैन को अपनी नाबालिग बेटी से दूर रहने की चेतावनी दी थी। उन्होंने भानूप्रताप और उसके माता-पिता को घर बुलाकर फटकार भी लगाई थी।

इसी बात से नाराज होकर भानूप्रताप ने अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की साजिश रची और हमला कराया।

सभी आरोपी गिरफ्तार

देवरी थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि घायल गौकरण साहू का इलाज जारी है। उनके सिर पर गहरे चोट के निशान हैं। उनकी पत्नी की शिकायत पर BNS की धारा 109, 332(2) और 191(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।

Exit mobile version