बिलासपुर में पुलिसकर्मियों के अपने घरों में ही पानी का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस लाइन स्थित कॉलोनी में पिछले चार दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। कॉलोनी के C, D, E, F और G ब्लॉक में नलों से एक बूंद पानी तक नहीं आ रहा। पंप खराब होने के कारण सैकड़ों पुलिस परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे तक बाल्टी लेकर पानी की तलाश में भटकने को मजबूर हैं।
पुलिस परिवारों का कहना है कि पानी सप्लाई बंद होने से पीने के पानी, खाना बनाने और अन्य जरूरी कामों में भारी परेशानी हो रही है। उनकी रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। नहाने और घरेलू उपयोग के लिए भी पानी नहीं मिल रहा, जिससे मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
सबसे अधिक दिक्कत तीसरी और चौथी मंजिल पर रहने वाले परिवारों को हो रही है। उन्हें सीढ़ियों से बाल्टी में पानी भरकर ऊपर ले जाना पड़ रहा है। कई घरों में छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं, जिनके लिए यह स्थिति और भी ज्यादा कष्टदायक बन गई है।
अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
रहवासियों का आरोप है कि चार दिन से समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक न तो खराब पंप की मरम्मत कराई है और न ही वैकल्पिक जलापूर्ति की कोई व्यवस्था की है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उनका कहना है कि जब पुलिसकर्मियों के परिवारों को ही बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, तो व्यवस्था की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।