मरवाही के सिलवारीटोला गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक मकान की दीवार तोड़ने और महिला को धमकी देने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesमरवाही के सिलवारीटोला गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक मकान की दीवार तोड़ने और महिला को धमकी देने का मामला सामने आया है। मरवाही पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलवारीटोला निवासी 29 वर्षीय लता लहरे अपनी पुश्तैनी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान का निर्माण करा रही थीं। घटना के समय वह अपनी सास पवरिया बाई के साथ घर पर मौजूद थीं।

घर बनाने का विरोध, दीवार तोड़ने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे गांव के जयपाल गोंड और उसका भतीजा महाजन गोंड वहां पहुंचे। दोनों ने जमीन पर मकान बनाने का विरोध किया, अश्लील गालियां दीं और लात मारकर निर्माणाधीन मकान की दीवार तोड़ दी।

रोकने पर दी जान से मारने की धमकी

लता लहरे और उनकी सास ने जब आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने मारपीट के लिए दौड़ाया और गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही।

शोर सुनकर पहुंचे लोग, आरोपी मौके से फरार

महिला के शोर मचाने पर उनके ससुर बाजार से लौटते हुए मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख दोनों आरोपी वहां से भाग निकले। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में गांव के मंगलू और कोटवार नेमचंद का भी नाम सामने आया है।

अगले दिन दर्ज कराई शिकायत

घटना के अगले दिन लता लहरे ने चौकी सिवनी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

मरवाही पुलिस ने आरोपी जयपाल गोंड और महाजन गोंड के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324, 296, 351(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version