भिलाई के एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय युवक का शव मिला है। युवक की पहचान शादाब (19) के रूप में हुई है। वह जवाहर नगर, अटल का रहने वाला था। युवक मंगलवार शाम अपनी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड के साथ सुपेला इलाके के एक होटल में ठहरा था। कुछ समय बाद होटल के कमरे में उसका शव मिला।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस होटल पहुंची और कमरे से शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला की मर्चुरी भेज दिया। फिलहाल पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
वहीं, शादाब के परिवार ने पुलिस की आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शादाब के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं।
परिवार का कहना है कि जिस हालत में उसका शव मिला, उसे देखकर आत्महत्या की बात पर यकीन करना मुश्किल है। उनका आरोप है कि शादाब की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, शादाब और उसकी गर्लफ्रेंड मंगलवार शाम होटल पहुंचे थे। दोनों ने वहां एक कमरा लिया था। कमरे में क्या हुआ, इसका पता लगाने के लिए पुलिस होटल के कर्मचारियों और युवती से पूछताछ कर रही है। साथ ही, होटल के सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शादाब के परिवार ने मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।