
मामला बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के जंगल का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में धामन सांप और गोय (मॉनिटर लिजर्ड) के कथित शिकार और उनके साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार का दावा किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने तत्काल जांच शुरू की।
संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को पकड़ा
यूएसटीआर की एंटी पोचिंग टीम, बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र और नरहरपुर वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से शिकार करने की बात स्वीकार कर ली।
मांस पकाकर खाने की भी बात कबूली
वन विभाग के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने कथित रूप से शिकार किए गए धामन सांप और गोय का मांस पकाकर खाया था। इसके बाद वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
पांचों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद, घसिया, प्रदीप, शैलेंद्र और शिवानंद के रूप में हुई है। सभी नरहरपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद पांचों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।