बलरामपुर वनमंडल के कनहर बैरियर पर वन विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परिवहन की जा रही 22.074 घनमीटर लकड़ी जब्त कर ली

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर वनमंडल के कनहर बैरियर पर वन विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परिवहन की जा रही 22.074 घनमीटर लकड़ी जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान संबंधित ट्रक को भी कब्जे में लिया गया। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेई के निर्देश पर वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बनो के नेतृत्व में की गई।

वन विभाग के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG 15 ED 9966 को कनहर बैरियर पर रोका गया। वाहन की तलाशी में खम्हार, जामुन और नीलगिरी प्रजाति की कुल 89 नग लकड़ियां मिलीं। जांच में परिवहन के लिए प्रस्तुत दस्तावेज संदिग्ध और फर्जी पाए गए।

ट्रक और लकड़ी जब्त

दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर वन विभाग ने तत्काल लकड़ी और ट्रक को जब्त कर लिया। मामले में वन अपराध क्रमांक 21972/09, दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त ट्रक को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए चोरपहारी डिपो में सुरक्षित रखा गया है।

जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई

वन विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्रवाई के दौरान वनपाल दयाशंकर, विजय बर्मन, सुसना भगत, राजनाथ, पिंटू मालाकार, मंगल राम और निखिल सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version