रायपुर में कांग्रेस शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन करेगी। पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इस विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है।
यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे राजीव गांधी चौक के पास आयोजित होगा। यह प्रदर्शन शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार केंद्रीय और राज्य की विभिन्न जांच एवं प्रशासनिक एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए कर रही है।
पार्टी का कहना है कि कांग्रेस की छवि धूमिल करने और उसके वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर प्रदेश भर में प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी इस प्रदर्शन का आयोजन कर रही है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन करेंगे।
कांग्रेस ने दावा किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज दबाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। पार्टी ने कहा कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।
वहीं, इस पूरे मामले में भाजपा की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रदर्शन को देखते हुए राजीव गांधी चौक और आसपास के इलाके में पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की संभावना है।