
पूरन मेश्राम/मैनपुर। अंधेरे से आजादी की लड़ाई जीत ली गई है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सौर विद्युतीकृत गांँवों में 15-20 साल से अंधेरे में जी रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्रामीणों के 14 घंटे के चक्का जाम और PMO-CM को लिखे पत्र का असर हुआ और अब CREDA ने सोलर पैनल और बैटरी बदलकर पूरे सिस्टम को नया करने की मंजूरी दे दी है।
रात होते ही बुझ जाती थी लाइट
राजापड़ाव उदन्ती क्षेत्र के 40 से ज्यादा गांँवों में लगे सोलर प्लांट जर्जर हो चुके थे। सोलर पैनल कमजोर, बैटरी डेड और इन्वर्टर खराब। नतीजा शाम 7 बजे के बाद पूरा गांँव अंधेरे में डूब जाता था। बच्चे पढ़ नहीं पाते थे, बीमारों को दिक्कत होती थी।
बार-बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों ने NH-130 पर 14 घंटे चक्का जाम कर दिया था। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखकर गुहार लगाई थी।
सरकार झुकी, CREDA ने माना
PMO और CM कार्यालय के सख्त निर्देश के बाद हरकत में आई छत्तीसगढ़ शासन CREDA ने अब युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है।
पहला वार उदंती राजापडा़व क्षेत्र की 14 ग्राम पंचायतों के 40 सोलर संयंत्रों के सोलर पैनल, बैटरी बैंक, इन्वर्टर और कंट्रोल रूम को पूरी तरह बदला जाएगा। इसके लिए फंड स्वीकृत हो चुका है। और मरम्मत शुरू हो गई है।
प्रथम चरण में ठीक होने वाले प्रमुख गांव साहेबिन कछार,नागेश,करलाझर, कोदोमाली, गौरगांँव,लाटापारा, झोलाराव,गरहाडीह, बोरईडीह,मोंगराडीह, कोचेंगा,भाँठापानी,गरीबा, गाँजीमुडा,बरगाँव (कुरूभाँठा) डूमरपडा़व जाँगडा,बरगाँव (कोकड़ी) कोकडी,नगबेल,छिन्दभर्री, कोदोमाली,तौरेंगा,जुगाड़, बुड़गेलटप्पा,डूमरघाट, रक्शापथरा,आमामोरा, ओड़ एवं कमार भौंदी।
इसके अलावा शेष ग्रामों के लिए भी शासन स्तर से राशि मांग हेतु बजट में शामिल करने क्रेडा की ओर से प्रस्ताव प्रेषित की गई है। स्वीकृति शीघ्र मिलने के बाद उन गांवों में भी युद्ध स्तर से कार्य शुरुआत होने की प्रबल संभावना है।
ग्रामीण बोले ये हमारी जीत है
स्थानीय लोगों का कहना है कि 15 साल से हम अंधेरे में थे। सरकार को हमारी सुध तब आई जब हमने सड़क जाम की और PM को पत्र लिखा। अब उम्मीद है कि रात भर उजाला रहेगा।
CREDA अधिकारियों का कहना है नए उपकरण लगने के बाद रात में 8-10 घंटे तक निर्बाध बिजली मिलेगी। इससे बच्चों की पढ़ाई और गांव की सुरक्षा दोनों बेहतर होगी। किसान संघर्ष समिति एवं जय अंबेडकरवादी युवा संगठन के मुखियाओ ने कहा एकता में ही ताकत है। अगर हम चुप बैठते तो आज भी अंधेरे में होते।
वही उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के गाँवो में अंधेरों से मुक्ति दिलाने के लिए देश और राज्य के विकास के लिए कृत संकल्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को क्षेत्र वासियों ने हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है।