कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम बाबुकोहका के पास शनिवार को सड़क हादसे में स्कूल से घर लौट रही चार छात्राएं घायल हो गईं। तेज रफ्तार कार की टक्कर से उन्हें चोटें आईं। सभी छात्राओं को तत्काल चारामा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से शुरुआती इलाज के बाद उन्हें कांकेर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल छात्राओं की पहचान लिलिमा कुंजाम (कक्षा 12वीं), भारती कुंजाम (कक्षा 12वीं), करुणा कुंजाम (कक्षा 10वीं) और खुशबू यादव (कक्षा 12वीं) के रूप में हुई है। ये सभी ग्राम बाबुकोहका की निवासी हैं और ग्राम गोलकुम्हड़ा स्थित शासकीय विद्यालय में पढ़ती हैं।
स्कूल से छुट्टी होने पर घर जा रही थी
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद चारों छात्राएं अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाबुकोहका के पास एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत चारामा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया।
सभी घायल छात्राओं का इलाज जारी
चारामा अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए चारों छात्राओं को जिला अस्पताल कांकेर रेफर कर दिया। फिलहाल, सभी घायल छात्राओं का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।