गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : डॉयल-112 की तत्परता से वाहन में सुरक्षित प्रसव, प्रसूता ने स्वस्थ बालक को दिया जन्म

जिले में संचालित डॉयल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा ने एक बार फिर अपनी त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला को समय पर सहायता प्रदान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गांगपुर निवासी मानसिंह द्वारा डॉयल-112 पर कॉल कर प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला के लिए तत्काल सहायता मांगी गई। सूचना मिलते ही गौरेला फाल्कन-2 (खोडरी) की टीम, जिसमें आरक्षक राजाराम बसंत एवं चालक संतोष राठौर शामिल थे, तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। डॉयल-112 टीम ने ग्राम गांगपुर पहुंचकर प्रसूता सरस्वती मरपच्ची 22 वर्ष को महिला परिजनों एवं मितानिन के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला ले जाना शुरू किया। इसी दौरान ग्राम गिरवर के समीप प्रसूता की प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ जाने से तत्काल प्रसव की स्थिति निर्मित हो गई।

परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉयल-112 कर्मियों ने सूझबूझ एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर गोपनीयता एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखा। महिला परिजनों एवं मितानिन के सहयोग से डॉयल-112 वाहन में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिसमें प्रसूता ने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा एवं बच्चा दोनों स्वस्थ पाए गए। इसके पश्चात डॉयल-112 टीम ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया जा रहा है। डॉयल-112 की इस त्वरित, संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्यवाही की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। यह घटना डॉयल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Exit mobile version