राजधानी रायपुर की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी करने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खरोरा थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू (26) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 3 बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई 1 पल्सर बाइक समेत कुल 4 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। बरामद वाहनों की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। वहीं, आरोपी के फरार भाई की तलाश जारी है।
पकड़े जाने से बचने के लिए बदल देता था नंबर प्लेट
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की गाड़ियों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल देता था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे एक टीवीएस बाइक के साथ गिरफ्तार किया। दस्तावेज मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर पंडरी स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग और विधानसभा क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की।
रेकी के लिए पल्सर का करता था इस्तेमाल
जांच में पता चला कि अभिषेक और उसका भाई अपनी पल्सर बाइक (CG 04 NT 7546) से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर पहले रेकी करते थे। मौका मिलने पर सूनी जगहों से दोपहिया वाहन चोरी कर फरार हो जाते थे।
15 से ज्यादा मामले दर्ज, बैंक डकैती में भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू के खिलाफ रायपुर के अलग-अलग थानों में चोरी, वाहन चोरी और डकैती के 15 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा वह दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में दर्ज एक बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।