छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित गेरवानी के एनआरबीएस स्टील प्लांट में शनिवार शाम हादसा हो गया। प्लांट के एचआर हेड संजय त्रिपाठी की हाइड्रा वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, संजय त्रिपाठी लंबे समय से एनआरबीएस स्टील प्लांट में एचआर हेड के पद पर कार्यरत थे। शनिवार शाम वे प्लांट परिसर में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही हाइड्रा मशीन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सिर के बल जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल प्लांट प्रबंधन को सूचना दी और घायल संजय त्रिपाठी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर ने बताया कि एनआरबीएस प्लांट में हाइड्रा वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।