बालोद के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 12:30 बजे मेन रोड पर हिंदू होटल के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई

Chhattisgarh Crimesबालोद के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 12:30 बजे मेन रोड पर हिंदू होटल के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही शारदा पाटिल (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, डौंडी के बंधियापारा निवासी परिवार के छह सदस्य ग्राम चिपरा-कुसुमकसा में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी कार (CG 07 BM 1040) से वापस डौंडी लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा के मेन रोड स्थित हिंदू होटल के सामने कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।

हादसे के समय कार 55 वर्षीय रंजीत पाटिल चला रहे थे, जो शारदा पाटिल के दादा बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी शारदा

मृतका शारदा पाटिल, पुरुषोत्तम पाटिल की बेटी थी। वह बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने आई थी।

पांच घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल परिवार के पांचों सदस्यों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दल्लीराजहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

Exit mobile version