
नगरी रोड स्थित भोयना के नवीन परिवहन कार्यालय परिसर में आयोजित इस अभियान के दौरान स्कूल बसों और लीज अनुबंध के तहत संचालित वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
डीएसपी मोनिका मरावी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में रिफ्लेक्टर नहीं पाए गए। इसके अलावा कुछ वाहनों की नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी, जबकि पार्किंग लाइट, इंडिकेटर और वाइपर जैसी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं में भी खामियां मिलीं।
इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर संबंधित वाहन संचालकों से 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
बरसात से पहले फिटनेस जांच की अपील
डीएसपी मोनिका मरावी ने वाहन चालकों और संचालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी स्कूल वाहन संचालक समय रहते अपने वाहनों की फिटनेस जांच कराएं और हेडलाइट, इंडिकेटर, पार्किंग लाइट तथा वाइपर जैसी सुरक्षा सुविधाओं को दुरुस्त रखें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूल वाहनों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि बच्चों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।