महानदी के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसका असर आरंग के तटीय गांव निसदा में देखने को मिला, जहां बाढ़ का पानी गांव के निचले हिस्सों में घुस गया। पानी से घिरे एक घर में फंसे एक ही परिवार के छह सदस्यों को राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने मोटर बोट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, निसदा निवासी सियाराम साहू के घर के चारों ओर कुछ ही घंटों में बाढ़ का पानी भर गया। सुबह ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिवार को घर खाली करने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया। जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद घर पूरी तरह पानी से घिर गया और बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।परिवार के फंसने की सूचना मिलते ही आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे और थाना प्रभारी हरीश साहू मौके पर पहुंचे। तेज बहाव को देखते हुए SDRF की टीम को बुलाया गया। जवानों ने मोटर बोट के जरिए सियाराम साहू सहित परिवार के सभी छह सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
42 लोग राहत शिविरों में पहुंचे
इधर पंचायत ने भी समय रहते एहतियाती कदम उठाए। सरपंच मानसिंग, सचिव गोपाल चंद्राकर और रोजगार सहायक की मदद से बाढ़ प्रभावित 12 घरों के 42 लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया। समय रहते लोगों को हटाने से किसी बड़ी जनहानि की स्थिति नहीं बनी।
प्रशासन ने महानदी के सभी तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। निसदा सहित आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की जा रही है। प्रशासनिक अमला लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।