AI के जरिए हिंदू देवी-देवताओं की बनी मूर्तियों पर रोक की मांग की गई है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ बजरंग दल के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ऐसी मूर्तियों और सोशल मीडिया पर इनके फोटो के प्रसार पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस तरह की तस्वीरों से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और समाज में विवाद की स्थिति बन सकती है। रायपुर जिला संयोजक भूषण साहू ने कहा कि कुछ लोग AI तकनीक का गलत इस्तेमाल कर देवी-देवताओं की मूर्तियों का निर्माण और सोशल मीडिया पर इनके फोटो के प्रसार कर रहे है। साहू ने बताया कि हमने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी सामग्री बनाने और प्रसारित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने की भी मांग संगठन ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छत्तीसगढ़ बजरंग दल इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगा। संगठन ने प्रशासन से सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने और आपत्तिजनक सामग्री हटाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
पिछले साल हुआ था जमकर विरोध
गौरतलब है कि पिछले वर्ष रायपुर के लाखेनगर में गणेश प्रतिमा को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान प्रतिमा को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुए थे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा था। इसी का हवाला देते हुए बजरंग दल ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में समय रहते कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद या तनाव पैदा न हो।