देशभक्ति के रंग में रंगा राजापडा़व,CRPF ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, स्कूलों में गूंजा वंदे मातरम

Chhattisgarh Crimesपूरन मेश्राम/मैनपुर।भारत सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को शोभा स्थित 211 बटालियन CRPF के जवानों ने देशभक्ति का ऐसा नजारा पेश किया जिसे देखकर पूरा राजापडा़व इलाका गर्व से भर उठा। 211 बटालियन की E समवाय के कमान अधिकारी सहायक कमाण्डेंट गिरधर सिंह के नेतृत्व में जवानों ने 13 अगस्त 2026 को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा और दिलों में देशभक्ति लिए जवानों के साथ-साथ स्थानीय नागरिक भी इस यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा क्षेत्र गूंँज उठा।

*स्कूलों में देशभक्ति का पाठ*

तिरंगा यात्रा के बाद CRPF के जवान इलाके के विभिन्न विद्यालयों में पहुंँचे। वहां बच्चों के साथ मिलकर वंदे मातरम का सामूहिक गान किया गया। सहायक कमाण्डेंट गिरधर सिंह ने बच्चों को देश सेवा,अनुशासन और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।

कार्यक्रम के अंत में CRPF जवानों द्वारा बच्चों को मिठाई वितरण की गई। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने भी तिरंगे को सलामी दी।

*जनता में उत्साह*

स्थानीय लोगों ने CRPF के इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि जवानों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होकर उन्हें गर्व महसूस हुआ। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर इलाके में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

211 बटालियन CRPF, शोभा द्वारा यह कार्यक्रम न केवल राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों को दर्शाता है। बल्कि जवानों और जनता के बीच आपसी सौहार्द और विश्वास को भी मजबूत करता है।

Exit mobile version