सूरजपुर जिले के दतिमा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के दतिमा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक के पर ट्रेलर का पहिया गुजर गया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई, वहीं उसकी पत्नी एवं बेटा घायल हो गए। तीनों रक्षा बंधन का त्यौहार मनाने जा रहे थे। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे सड़क पर चक्काजाम कर दिया। घटना विश्रामपुर थाना अंतर्गत करंजी चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सपकरा निवासी अनिरुथ देवांगन (25 वर्ष) शनिवार को अपनी पत्नी एवं बेटे के साथ रक्षाबंधन का त्योहार माने के लिए करसु-कसकेला ससुराल जा रहा था। दतिमा- बिश्रामपुर मार्ग में एचपी पेट्रोल पंप के पास सीएचपी भटगांव से कोयला खाली कर बिश्रामपुर स्थित कोल माइंस लौट रही ट्रेलर क्रमांक सीजी 29 ए 4020 के चालक ने तेज रफ्तार में अनिरुथ के बाइक को टक्कर मार दी।

युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम हादसे के बाद सड़क पर गिरा युवक ट्रेलर के चक्के के नीचे आ गया एवं उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर का चालक गाड़ी खड़ा कर भाग निकला। घटना की सूचना पर करंजी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची एवं शव को उठवाकर तत्काल करंजी हॉस्पिटल भेज दिया। वहीं घायल पत्नी एवं बेटे को भी हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

घटना से आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। मौके पर पहुंची एसडीएम शिवानी जायसवाल ने लोगों को समझाईश दी। इसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। घायल पत्नी एवं बेटे का इलाज चल रहा है।

कोयला परिवहन नियंत्रित करने की मांग करंजी-विश्रामपुर मार्ग में तेज रफ्तार कोयला परिवहन के ट्रेलरों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं एवं लगातार हादसे का भय बना रहता है। प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष स्थानीय लोगों ने कोल परिवहन नियंत्रित करने की मांग की है।

आंदोलनकारियों ने कोयला परिवहन स्कूल लगने एवं छूटने के समय एवं बाजार दिवस के दिन रोके जाने की मांग की है। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि इसपर विचार किया जाएगा।

भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि भारी वाहनों से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने की भी आशंका बनी रहती है। इसपर तत्काल रोक लगाए जाने की जरूरत है।

Exit mobile version