
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस की टीम केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति बैग में अंग्रेजी शराब रखकर बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां से 62 वर्षीय सुरिस्ठ सिंह, निवासी रांची (झारखंड), को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके पास रखे अलग-अलग बैग से टिचर्स, ब्लैक डॉग और VAT 69 समेत 22.5 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब मिली। शराब की कीमत करीब 34 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब बेचकर मिले 1 हजार रुपए भी बरामद किए गए।
आरोपी शराब बेचने से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और बिक्री की रकम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ढाबा के पीछे शराब बेच रहा था युवक
दूसरा मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि काशीराम चौक के पास हमर ढाबा के पीछे अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और 20 वर्षीय कृष्णा सारथी, निवासी काशीराम चौक, गांधी नगर को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखी 25 पाव देशी शराब और 5 बीयर की बोतलें मिलीं। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब बनाने, ले जाने और बेचने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
पुलिस की टीमें शहर और ग्रामीण इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके आसपास अवैध शराब की बिक्री होती है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।