देश भर में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा

Chhattisgarh Crimesदेश भर में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। रायपुर में भी कार्यक्रम की तैयारियां पूरी है। पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। जहां सीएम साय को 17 प्लाटून सलामी देंगे।

सीएम को सलामी देने वाले प्लाटून में ओडिशा पुलिस के जवान शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस परेड प्रभारी ने इस बात की पुष्टि की है। परेड प्रभारी राम सिंह ने बताया, कि ओडिशा पुलिस के जवान रायपुर पहुंचे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से 1 हजार जवान तैनात रहेंगे। वहीं ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

मार्च पास्ट के अलावा हॉर्स शो भी होगा

वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों की एक टुकड़ी तेलंगाना की परेड में शामिल होगी। रायपुर में मार्च पास्ट के अलावा हॉर्स शो भी होगा, जिसमें फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी, शो जंपिंग और गैलप राउंड की प्रस्तुति होगी। महिला बैगपाइपर बैंड का नेतृत्व आरक्षक सोनबती ठाकुर करेंगी, जो मार्चिंग प्रेजेंटेशन पेश करेगी।

बहादुर पुलिसकर्मियों को मिलेगा सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग पदकों और अलंकरणों से सम्मानित करेंगे। इनमें भारतीय पुलिस पदक, पुलिस वीरता पदक, राष्ट्रपति का पुलिस पदक, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक और पुलिस महानिदेशक पुरस्कार शामिल हैं।

इसके अलावा राज्यपाल पुरस्कार, मुख्यमंत्री पुरस्कार, रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार और वीरनारायण सिंह पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

780 बच्चे देंगे देशभक्ति गाने पर प्रस्तुतियां

समारोह में 780 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसमें लक्ष्मीनारायण कन्या उ.मा. विद्यालय, सालेम इंग्लिश स्कूल और मदर्स प्राइड स्कूल के छात्र शामिल होंगे। गीत, नृत्य और नाट्य रूपांतरण के जरिए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देशभक्ति की भावना को जीवंत किया जाएगा।

4 लेयर में परेड ग्राउंड की सुरक्षा

सुरक्षा की दृष्टि से परेड ग्राउंड की सुरक्षा को चार लेयर में पुलिस अधिकारियों ने डिवाइड किया है। परेड ग्राउंड के अंदर और बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक के मद्देनजर 150 और लॉ एंड ऑर्डर के मद्देनजर 1 हजार जवान तैनात रहेंगे।

सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस परेड ग्राउंड नो फ्लाइंग जोन घोषित है। यहां पर ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध अफसरों ने लगा दिया है। कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा कि- हर स्वतंत्रता दिवस का आयोजन अपने आप में खास होता है। रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में पूरी आन-बान के साथ तिरंगा फहराएंगे। अच्छा काम करने वाले लोगों को अलंकरण दिया जाएगा।

Exit mobile version