छत्तीसगढ़ मछली पालन विभाग ने लंबे इंतजार के बाद मत्स्य निरीक्षक भर्ती के 70 रिक्त पदों पर अंतिम चयन सूची जारी कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ मछली पालन विभाग ने लंबे इंतजार के बाद मत्स्य निरीक्षक भर्ती के 70 रिक्त पदों पर अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। अभ्यर्थी अपना परिणाम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriportal.cg.nic.in/fisheries पर देख सकते हैं।

इन पदों की पूर्ति के लिए प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम के माध्यम से 23 मार्च 2025 को किया गया था। परीक्षा के परिणाम आने के बाद प्रावीण्य सूची तैयार की गई। इस सूची के आधार पर 200 अभ्यर्थियों को, जिनमें दिव्यांगजन और भूतपूर्व सैनिक भी शामिल थे, दस्तावेज सत्यापन हेतु बुलाया गया था।

दस्तावेज सत्यापन के बाद मिला चयन का मौका

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों से संबंधित सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र और आरक्षण से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। इस प्रक्रिया के दौरान प्राप्त आपत्तियों का भी निराकरण कर लिया गया। इसके बाद अंतिम चयन सूची तैयार की गई और शुक्रवार को इसे जारी कर दिया गया।

अब चयनित अभ्यर्थियों की सूची न केवल वेबसाइट पर अपलोड की गई है, बल्कि संचालनालय मछली पालन, नवा रायपुर अटल नगर के सूचना पटल पर भी चस्पा कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इससे सभी अभ्यर्थियों को चयन की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

200 में से 70 अभ्यर्थियों को मिला मौका

जानकारी के अनुसार, प्रावीण्य सूची में शामिल 200 अभ्यर्थियों में से अंततः 70 को मत्स्य निरीक्षक के पद पर नियुक्ति मिली है। वहीं, जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज अधूरे या अर्हता पूरी नहीं कर सके, वे चयन सूची से बाहर हो गए। चयनित उम्मीदवारों को शीघ्र ही नियुक्ति संबंधी निर्देश जारी किए जाएंगे।

Exit mobile version