छत्तीसगढ़ में मंत्री परिषद में 14 मंत्री बनाए जाने के बाद सरकार पर कांग्रेस लगातार हमलावर

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में मंत्री परिषद में 14 मंत्री बनाए जाने के बाद सरकार पर कांग्रेस लगातार हमलावर है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, साय मंत्रिमंडल का फेरबदल असंवैधानिक है। मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल 13 मंत्री ही बन सकते हैं। विस्तार के बाद संख्या 14 हो गई है।

बैज ने कहा कि, सरकार ने 13वें मंत्री के लिए अनुमति कब लिया। इसका गजट नोटिफिकेशन कब किया गया, इसको सार्वजनिक किया जाए, यदि बिना अनुमति के अतिरिक्त मंत्री को शपथ दिलाया गया है, तो यह मंत्रिमंडल फर्जी है। एक मंत्री को तत्काल हटाया जाना चाहिए। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने राज्यपाल को पत्र लिखकर एक मंत्री को हटाने की मांग की थी।

गृहमंत्री भी बदलना था- बैज

दीपक बैज ने कहा कि, मंत्रिमंडल के विभाग फेरबदल में गृहमंत्री भी बदलना था। बैज ने कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा गृह विभाग संभाल नहीं पा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के 20 महीने में परफॉर्मेंस दिखाने में असफल साबित हो गए हैं।

आए दिन हत्या चाकूबाजी, लूटपाट, डकैती, अपहरण, बलात्कार, गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। नशीली दवाइयों की तस्करी बढ़ गई है। जेल में भी अपराधी बेलगाम हो गए हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फ्लॉप हो गई है। अपराधी अनियंत्रित हो गए हैं। मुख्यमंत्री को उनसे गृह विभाग वापस लेकर किसी अन्य को देना था, ताकि प्रदेश की कानून व्यवस्था सुधरे।

प्राइवेट अस्पतालों को आयुष्मान के तहत भुगतान नहीं हुआ

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, सरकार की लापरवाही के कारण आयुष्मान योजना बंद होने वाली है। आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने वाले प्राइवेट अस्पतालों का भाजपा सरकार ने भुगतान रोका है। जिसके कारण निजी अस्पताल वाले आयुष्मान योजना के तहत गरीबों का इलाज बंद करने की चेतावनी कई बार दे चुके हैं।

बैज ने कहा कि, पिछले 17 महीने से आश्वासन के बाद भी चिकित्सकों का भुगतान नहीं हुआ है। बकाया भुगतान करने की अस्पतालों ने अंतिम चेतावनी भी सरकार को दिया है। उसके बाद भी सरकार अस्पतालों का भुगतान नहीं कर रही है। अगर निजी अस्पतालों ने गरीबों का इलाज बंद कर दिया तो गरीब वर्ग के लोग मुश्किल में पड़ जायेंगे। सरकार को इस मामले में जल्द निर्णय लेना चाहिए।

यूरिया की कमी से किसान परेशान- दीपक बैज

दीपक बैज ने कहा कि सरकार किसानों को पहले डीएपी नहीं दे पाई, अब पूरे प्रदेश में यूरिया की कमी से किसान परेशान है। सोसायटियों में यूरिया पहुंची नहीं है। खुले बाजार में भी यूरिया दुगुनी से अधिक कीमत पर यूरिया मिल रही है। 266 की यूरिया 1000 रुपए में और 1350 की डीएपी 2000 रुपए में बिक रही है।

बैज ने कहा कि ये बेहद दुर्भाग्यजनक है कि किसानों की परेशानी पर सरकार को कोई चिंता नहीं है। सरकार जानबूझकर किसानों को परेशान कर रही। सरकार नहीं चाहती किसान पूरी पैदावार ले सके। पैदावार कम होगा तो समर्थन मूल्य पर खरीदी कम करनी पड़ेगी।

पुस्तकों के अभाव में स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो रही

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि स्कूलों में अभी तक पुस्तकें नहीं पहुंची है। पुस्तकों के अभाव में स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो पा रही है। बच्चे, पेरेंट्स और शिक्षक सभी परेशान है। तिमाही परीक्षाएं शुरू होने का समय आ गया है। बिना किताबों के और बिना कोर्स को पूरा किये बच्चे परीक्षा कैसे देंगे?

बैज ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता में बच्चों की पढ़ाई है ही नहीं। 25 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि स्कूल खुलने के ढाई महीने बाद तक बच्चों तक पुस्तकें नहीं पहुंची है। उल्लेखनीय है कि स्कूल खुलने से कल तक यह विभाग खुद मुख्यमंत्री के पास था।

प्रदेश अवैध शराब का केंद्र बन चुका

दीपक बैज ने सरकार पर आरोप लगाया क भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ अवैध शराब का केंद्र बन चुका है। पान ठेलो, किराना दुकानों में शराब बिक रही है। साय सरकार गली, मुहल्लों में शराब बिकवा रही, अवैध होलोग्राम लगा कर प्रदेश भर के शराब दुकानों में शराब बेची जा रही।

बैज ने कहा कि राजधानी में तो एक किराना दुकान में शराब बेची जा रही है। कमोबेश पूरे प्रदेश में यही हालात है। विपक्ष में रहकर पूर्ण शराबबंदी की बात करने वाले शराब की काली कमाई में लगे है। शराबबंदी को लेकर पांच सालों तक हल्ला मचाने वाले भाजपाई बताए शराबबंदी कब होगी?

अतिथि व्याख्याता नियुक्ति में आउटसोर्सिंग बंद हो

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि शासकीय विद्यालयों में अतिथि व्याख्याता नियुक्ति में सरकार आउटसोर्सिंग करने जा रही है। इस पर तत्काल रोक लगे तथा राज्य के ही योग्य युवाओं को अतिथि व्याख्याता के रूप में नियुक्ति दी जानी चाहिए।

Exit mobile version