बिलासपुर में जमीन विवाद के चलते चाचा ने अपने भतीजे पर फावड़ा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में जमीन विवाद के चलते चाचा ने अपने भतीजे पर फावड़ा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उसका भतीजा खून से लथपथ होकर घायल हो गया। बताया जा रहा है कि, भतीजा खेत में धान की बुआई कर रहा था। तभी उसके चाचा ने फावड़ा से जानलेवा हमला कर दिया।

इस हमले में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके सिर में गहरा जख्म लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।

क्या है पूरा मामला

ग्राम गतौरा निवासी रामनारायण यादव (38) खेती-किसानी करता है। गुरुवार को वो गांव के नवा-तालाब के पास स्थित कुलेश्वर विश्वकर्मा के खेत में धान बोने गया था। इसी दौरान उसका मंझला चाचा बद्री यादव (50) खेत में आया और थोड़ी देर रुककर चला गया। दोबारा वो फिर खेत पहुंचा और जमीन विवाद को लेकर रामनारायण से गाली-गलौज करने लगा।

खेत में ट्रैक्टर ले जाने से रोकने पर किया हमला

रामनारायण ने पुलिस को बताया कि, उसके चाचा बंद्री ने गाली देते हुए कहा कि तुम मुझे ट्रैक्टर नहीं ले जाने दे रहे हो। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी दी और फावड़ा उठाकर पीछे से सिर पर हमला कर दिया। हमले में रामनारायण के सिर से काफी खून बहा। इसके अलावा पेट, पसली और कंधे में भी गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। हमले के बाद किसी तरह जान बचाकर वह खेत से भागा।

हमलावर चाचा भी उसे काफी दूर तक दौड़ाते हुए आया। घायल अवस्था में रामनारायण ने अपने पिता जगदीश यादव, मां सावित्री बाई यादव और पत्नी उमा यादव को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता और पड़ोसी की मदद से उसे बाइक पर मस्तूरी अस्पताल लेकर गए। घायल की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी बद्री यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version