BJP सांसद भोजराज नाग पर आईं देवी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नवरात्र ज्योति कलश विसर्जन में बीजेपी सांसद भोजराज नाग शामिल हुए। इस दौरान उन पर देवी विराजमान हो गई। अंतागढ़ के शीतला माता मंदिर में विधि विधान से नवमी की पूजा हुई। पूजा के दौरान वे झूमने लगे। सांसद की मां नूतन नाग ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

इसके बाद जोगीधारा नदी के संगम में कलश विसर्जन किया गया। भोजराज नाग ने बताया कि धनोरा में स्थित खंडा डोकरा आंगा देव मंडा की बूढ़ी माता मुझ पर सवार होती है। 15-20 सालों से मुझ पर देवी आती है।

अंतागढ़ के शीतला माता मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु

अंतागढ़ के शीतला माता मंदिर में हर साल की तरह इस साल भी बड़े धूम धाम से नवरात्रि पर्व मनाया गया। गांव वाले कहते हैं कि कांकेर सांसद भोजराज नाग देश के एकमात्र सांसद है, जिन्हें देवी आती है। इसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर पहुंचते हैं।

गांव वाले बोले- हमारे लिए गर्व का विषय

गांव के निवासी संजय ध्रुव और प्रफुल्ल मंडावी ने बताया कि हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि एक बैगा सिरहा कांकेर के सांसद हैं। उन्हें देवी आती है। भोजराज नाग संसदीय कार्य के साथ देवी-देवता की पूजा का भी काम करते हैं। ये अनूठा संयोग है, जो अंतागढ़ वालों को मिला है।

40 गांव के देवी-देवता आते हैं- ग्रामीण

शीतला समिति के अध्यक्ष संजय ध्रुव ने कहा वे समिति में पिछले 5 साल से जुड़े हैं। अष्टमी के दिन हवन पूजन कार्यक्रम हुआ। नवमी के दिन कलश यात्रा निकलती है। ये बहुत प्राचीन परंपरा रही है। यहां आसपास के 40 गांव के देवी-देवता, पुजारी और बैगा की मौजूदगी में मनोकामना कलश का भव्यता के साथ विसर्जन किया जाता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रफुल्ल मंडावी ने कहा कि गांव में नवरात्र की अंतिम दिन सभी देवी-देवताओं का आगमन हुआ है। सांसद भोजराज नाग आज यहां पुजारी के रूप में शामिल हुए हैं। इतने ऊंचे पद में जाने के बाद भी वे अपनी संस्कृति से जुड़े हुए हैं। उनको देवी शक्ति आती है, ये हमारा भाग्य है।

सांसद भोजराज नाग ने कहा हमारे हिंदू परंपरा में अनेक लोगों को देवी आती है। उसी परंपरा के अनुसार मुझे देवी आती है। देवी देवता का काम क्षेत्र में उन्नति करना होता है। हमारे पूर्वज जंगलों में रहते थे। वे देवी देवता के सहारे रहते थे।

Exit mobile version