
कांग्रेसियों ने महिलाओं को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए काले झंडे दिखाए। काफिले के सामने नारेबाजी की। BJYM नेता भड़क गए। कार से उतरकर कांग्रेस नेताओं को गाली देने लगे। एक को लात मारी। दूसरे BJYM नेता भी कार से उतरे। कांग्रेसियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। इस दौरान पुलिस भी मौजूद थी।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। कांग्रेसी BJYM नेताओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के सामने बैठ गए। रात तक यह हंगामा चला। कांग्रेसियों ने ये भी कहा कि BJYM नेताओं का काफिला हथियार से लैस था। पुलिस ने कहा कि जांच की जा रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि यह घटना प्रदेश के गृहमंत्री के गृह जिले में हुई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ये लोकतंत्र के खिलाफ है। अगर सरकार कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। 1 नवंबर को पीएम मोदी के दौरे का भी विरोध करेगी।
जानिए क्या है पूरा मामला
कवर्धा जिला युवा कांग्रेस ने कहा कि राहुल टिकरिहा पर संबंधी और युवती के यौन शोषण का आरोप लगा है। इस विषय पर काले झंडे लेकर राहुल वापस जाओ के नारे लगा रहे थे। जैसे ही भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष का काफिला पहुंचने वाला था, उससे पहले कुछ BJYM कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेसियों के ऊपर हमला बोल दिया और अपशब्दों का प्रयोग किया गया।
पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। उनकी मौजूदगी में BJYM नेता दौड़ा-दौड़ाकर मारने लगे। हालांकि, पुलिस के बीच-बचाव करने के बाद मामला शांत हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
युवा कांग्रेस से मारपीट के विरोध में जिला इकाई के सदस्यों के साथ कोतवाली थाने में धरना दिया। उन्होंने राहुल टिकरिया के साथ आए हुए सदस्यों के खिलाफ FIR करने की मांग की। देर तक थाने के सामने बैठे हुए थे।
एसपी कृष्णा चंद्राकर ने बताया कि युवक कांग्रेस की ओर से FIR के लिए आवेदन आया है, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा है कि ये भाजपा युवा मोर्चा के ‘संस्कार’ – गालियां और गुंडागर्दी! कवर्धा में आज फिर भाजपा युवा मोर्चा के “संस्कार” देखने को मिले! जब युवा कांग्रेस ने काले झंडे से शांतिपूर्ण विरोध जताया, तो भाजपाई कार्यकर्ताओं ने भद्दी-भद्दी गालियां देकर जवाब दिया।
लोकतंत्र में विरोध का अधिकार? भाजपा के लिए तो यह गुंडागर्दी और अभद्र भाषा का पर्याय है। ऐसे असभ्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।