पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में सर्दी बढ़ा दी

Chhattisgarh Crimesपहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में सर्दी बढ़ा दी है। राज्य के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर चल रही है। सुबह और शाम के समय लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। पेंड्रा और अंबिकापुर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा बना हुआ है। यहां सर्द हवाओं के कारण रात का तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम होकर 10°.2C पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8°C दुर्ग में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.6°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

मलेरिया फैलने का खतरा भी बढ़ा

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मौसम में मलेरिया फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। पिछले कुछ दिनों से रायपुर में दिन का तापमान लगातार प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा है।

वहीं सूरज ढलते ही तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे में ऑफिस जाने वाले, स्कूली बच्चों काे गर्म कपड़े साथ रखने चाहिए। ताकि अचानक तापमान गिरने का असर तबीयत पर न पड़े।

किसानों और शहरों के लिए संकेत

  • रबी फसलों के लिए मौसम अनुकूल
  • सुबह हल्की धुंध और कोहरा रह सकता है
  • सुबह-शाम गर्म कपड़े जरूरी
  • रात के समय तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ेगी

डॉक्टर बोले- सतर्क रहना जरूरी, ये मौसम बीमारी ला सकता है

डॉ विकास अग्रवाल ने (एमडी, मेडिसिन) बताया कि जिस तरह से तापमान बदल रहा है, बीमार होने का खतरा ज्यादा। खासकर ऐसे मौसम में मच्छर ज्यादा पनपते हैं, मलेरिया फैलने का खतरा ज्यादा है। ऐसे में बीमारी से बचने सतर्क रहना जरूरी है। डॉक्टर की सलाह है कि…

  • शाम के बाद घर और आसपास मच्छरदानी या मच्छर भगाने वाले कॉइल/लिक्विड का उपयोग करें।
  • स्लीपिंग नेट (Insecticide Treated Net – ITN) या लॉन्ग लास्टिंग मच्छरदानी (LLIN) का उपयोग रात में जरूर करें।
  • घर के दरवाजे-खिड़कियों पर जाली लगाएं ताकि मच्छर अंदर न आ सकें।

पानी जमा न होने दें

  • कूलर, गमले, पुराने टायर, बाल्टी, बर्तन आदि में पानी जमा न रहने दें।
  • सप्ताह में कम से कम एक बार इन्हें साफ और सूखा करें।
  • नाली व ड्रेनेज सिस्टम खुला और साफ रखें।

शरीर को ढककर रखें

  • खासकर शाम के समय पूरी बांह के कपड़े और फुल पैंट पहनें।
  • बच्चों को भी हल्के लेकिन ढकने वाले कपड़े पहनाएं।
Exit mobile version