
रायपुर: छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि इसके बाद आगामी चार दिनों में रात और सुबह के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है, जिसके चलते लोगों को सुबह और देर शाम अधिक ठंड का अहसास होगा।मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में ठंडी हवा के झोंकों और साफ आसमान के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहा। सरगुजा संभाग के कई जिलों में शीत लहर जैसे हालात देखने को मिला। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2°C दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.3°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। तापमान में यह गिरावट साफ आसमान और रात के दौरान धरातल के तेजी से ठंडा होने के कारण है।