
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्राम परसकोल में एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35) के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान मृतक के पेट, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए। मामले की जांच के दौरान मृतक की बहन खुशबू चौहान ने बताया कि रात में सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।
पैसे लेन-देन को लेकर हत्या
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अनिल और ग्राम बगबुड़वा निवासी राहुल यादव (20) के बीच रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने राहुल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि दो माह पहले उसने अनिल को 3,000 रुपए दिए थे। रकम वापस मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ।
चाकू से कई वार कर की हत्या
आरोपी ने 28 फरवरी की रात कन्या छात्रावास के पास चाकू से कई वार कर अनिल कुमार चौहान की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह बाइक से घर लौट गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।