मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक शीतलहर जारी रहेगी

Chhattisgarh Crimesमौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक शीतलहर जारी रहेगी। इसके बाद अगले पांच दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड में कमी आएगी। बुधवार को राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री बढ़ा है।

सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का असर बना रह सकता है। वहीं रायगढ़ में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। नगर निगम ने ठंड से राहत देने के लिए 9 स्थानों पर अलाव व्यवस्था की है।

उत्तर भारत से आ रही तेज ठंडी हवाओं के कारण राज्य में ठंड लगातार बढ़ी है। मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान 11.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री कम है। रायपुर में भी नवंबर में नौ साल में दूसरी बार न्यूनतम तापमान 13°C तक गिरा।

पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 30.0°C दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 8.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। दो दिन पहले अंबिकापुर का तापमान 6°C तक पहुंच गया था, जो पिछले दस वर्षों में नवंबर में पहली बार दर्ज हुआ है।

रायगढ़ में ठंड से राहत के लिए निगम ने अलाव की व्यवस्था की

रायगढ़ में ठंड से बचाव के लिए निगम ने करीब 9 जगह अलाव की व्यवस्था की है। इन स्थानों में मेडिकल कॉलेज में 2 जगह, चक्रधर नगर ऑटो पार्किंग, रामनिवास टॉकीज चौक, रेलवे स्टेशन, अशर्फी देवी अस्पताल, जिला अस्पताल, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड, मिनी माता चौक और शनि मंदिर के पास लकड़ी रखी गई है।

ये जगह ऐसी हैं जहां रात के वक्त लोगों का आना-जाना लगा रहता है, इसलिए ठंड से राहत देने के लिए विशेष रूप से अलाव की व्यवस्था की गई है।

जिले के ग्रामीण और जंगल इलाके शहर की तुलना में अधिक ठंड वाले हैं। लैलूंगा, कापू, छाल और धरमजयगढ़ जैसे क्षेत्रों में शाम ढलने के बाद लोग घर में दुबककर रहते हैं और ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं।

Exit mobile version