
मृतक बालक की पहचान ग्राम पंचायत बसकेपी, साराजोगी निवासी देवनंद नगेसिया (पिता सुखदेव नगेसिया) के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच देवनंद अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर गुलाल लेकर होली खेलने जा रहा था।
रास्ते में एक खेत था, जिसे पशुओं से मक्के की फसल बचाने के लिए खेत मालिक ने तार से घेर रखा था। इस तार में करंट प्रवाहित किया गया था।
बालक अनजाने में इसी करंट युक्त तार के संपर्क में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने जैसे ही बालक को देखा, उन्होंने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया और तार को हटाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।