
जानकारी के मुताबिक अशोक राम (35) और संदीप एक्का (35) गांव के ही एक दोस्त के घर के आंगन में आग ताप रहे थे। इसी दौरान संदीप ने अशोक से तंबाकू मांगी। जिस पर अशोक ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों झगड़ा करने लगे। इस दौरान संदीप ने अशोक की छाती पर लात मार दी।
अशोक के सीने में तेज दर्द होता रहा। अगले दिन उसने परिजनों को अस्पताल चलने कहा। लेकिन उसकी अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर केस दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार किया।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, अशोक राम और संदीप एक्का मजदूरी करते थे। 18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे आग ताप के दौरान संदीप ने अशोक से तंबाकू मांगी। अशोक ने पैसे की कमी का हवाला देते हुए रोज-रोज तंबाखू देने से इनकार कर दिया।
जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर अशोक अपने घर की ओर चला गया, लेकिन संदीप उसके पीछे-पीछे घर तक पहुंच गया। वहां संदीप ने अशोक को मुक्के मारकर जमीन पर गिरा दिया और उसके सीने में जोर से लात मारी।
मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गांववालों ने घटना की जानकारी सरपंच को दी। सरपंच मौके पर पहुंचे तो अशोक ने बताया कि संदीप एक्का ने उसके सीने में लात मारी थी। अशोक ने अगले दिन सुबह अस्पताल जाने की बात कही।
अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
19 नवंबर की सुबह अशोक राम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। अशोक के चाचा विद्याधर राम (57) ने नारायणपुर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी संदीप एक्का के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 332(A) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।