
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पूछताछ में मजदूर ने पुलिस को बताया कि सारे रुपए उसकी पत्नी ने लाए गए थे। पुलिस ने विजेंद्र बैस को गिरफ्तार कर पत्नी की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि पति-पत्नी की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस उनके घर पहुंची थी। पुलिस को शक है कि पैसे बहुत दिनों से छिपाए गए थे।कोतवाली थाना क्षेत्र के नारियल कोठी मधुबन स्थित अटल आवास निवासी विजेंद्र बैस (38) मजदूरी करता है। उसकी पत्नी घर में बर्तन धोने का काम करती है। दोनों पिछले कुछ दिनों से लगातार खर्च कर रहे थे। उन्होंने घर पर बड़ा ताला लगाना शुरू कर दिया।
इसके अलावा नई स्कूटी खरीदी और दूसरी जगह घर निर्माण का काम भी शुरू किया। इसकी भनक पुलिस को लगी। जिसके बाद कोतवाली पुलिस, तारबाहर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने शनिवार को विजेंद्र बैस के घर पर दबिश दी।
जांच के दौरान घर की अलमारी में रखे एक बैग के अंदर से 500-500 रुपए के बंडल पाए गए। कुल रकम 14 लाख रुपए थी। पुलिस ने रुपए के संबंध में पूछताछ की, लेकिन विजेंद्र आय का कोई प्रमाण या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
सख्ती करने पर उसने रुपए पत्नी द्वारा घर लाने की बात बताई। पुलिस ने सारे रुपए जब्त कर विजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसकी पत्नी की तलाश जारी है।