
विजय बांधे (24) और उर्मिला निषाद (30 साल) के बीच अफेयर 2-3 सालों से चल रहा था। केटरिंग के काम के दौरान ही दोनों की मुलाकात हुई थी। उर्मिला लगातार विजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी। छुटकारा पाने के लिए विजय ने उर्मिला की हत्या करने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी विजय बांधे को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या से पहले मोमोज और पकौड़ा खिलाया
आरोपी विजय बांधे ने विवाद और शादी के दबाव की वजह से प्रेमिका उर्मिला को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। 7 दिसंबर की शाम 7.00 बजे गौतम नगर सुपेला में उर्मिला के घर जाकर अपनी बाइक में उर्मिला को पाटन शादी पार्टी के काम में जाना है कहकर लेकर उतई आया।
जाते समय मोमोज चाईनिज पकौड़ा पैक कराया, फिर पुरई में सुनसान नहर के पास मैदान मे ले गया। दोनों ने मोमोज और चाइनिज पकौड़ा खाया। इसके बाद विजय बांधे ने धारदार चापर से उर्मिला के गले पर वार किया। जिसमें वह गिर गई। उसके बाद प्रेमी ने और कई वार किए, फिर प्रेमिका के शव पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दिया। शव पूरी तरह जल जाए इसके लिए उसने आसपास के पैरा को एकत्र कर जलती आग में डाल दिया और मौके से बाइक में अपने गांव करगाड़ीह आ गया। डर से गुमशुदगी दर्ज करवाने पहुंचा थाने, इसी वजह से पकड़ा गया
उर्मिला की हत्या करने के बाद आरोपी अपने गांव में ही था। पूरी जानकारी गांव में ही लेता रहा। अगले दिन वो वापस सुपेला लौट गया। डर की वजह से 9 दिसंबर को सुपेला थाना पहुंचा और यहां पर उर्मिला निषाद की गुमशुदगी दर्ज करवाने आ गया, ताकि वो खुद को प्रार्थी साबित कर सके और बच जाए।
लेकिन जैसा उसने हुलिया और घटनाक्रम बताया तो पुलिस को विजय पर शक हुआ। पुलिस ने विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे उसने बाद में हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। डर की वजह से आरोपी खुद ही पकड़ा गया। केटरिंग में उर्मिला का पैसा भी रख लेता था, शादी से कर रहा था मना
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी विजय उर्मिला का पैसा भी रख लेता था। इसको लेकर भी उनके बीच कई बार विवाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि विजय बांधे शादीशुदा है और उसकी पत्नी गर्भवती है। विजय बांधे को उसकी प्रेमिका शादी के लिये दबाव बनाती थी, जिससे इसका पारिवारिक जीवन तनाव में रहता था और आर्थिक तंगी बनी रहती थी।
इनमें पैसों के लेनदेन का विवाद भी होता था। पैसों की बात पर उर्मिला इसे सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करती थी। जिससे विजय परेशान हो गया था। इसके बाद उसने हत्या की योजना बनाई।
पिछले 15 दिनों से विजय उर्मिला की हत्या करने के फिराक में था। इसके लिए उसने सुपेला से चापर खरीदा, उसके बाद उमरपोटी पेट्रोल पंप से बॉटल में पेट्रोल लिया। इसके बाद पुरई में सुनसान जगह ले जाकर उसकी हत्या कर दी। खेल मैदान के पास मिली थी लाश, पुलिस की 6 टीम जुटी थी जांच में
8 दिसंबर की सुबह ग्राम पुरई के कोटवार केवलदास मानिकपुरी ने पुलिस को सूचना दी कि करगाड़ीह-पाउवारा नहर के पास बने खेल मैदान में एक महिला का अधजला शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीनियर SP विजय अग्रवाल ने बताया कि इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए तत्काल 6 टीम गठित कर पतासाजी शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और गुमशुदगी रिपोर्ट को खंगाले गए।
इस बीच आरोपी खुद ही प्रार्थी बनकर पहुंचा, पुलिस को शक हुआ तो पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी का खून से सना कपड़ा भी जब्त कर लिया है। वहीं इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्ता भी खंगाली जा रही है। आगे भी जांच जारी है।