छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एसीसीयू की टीम ने एक कार से 1.22 करोड़ रुपए कीमती 245 किलो गांजा बरामद किया है। नेशनल हाईवे पर पुलिस को देखकर तस्कर गांजा लेकर भाग रहे थे, जिसका पीछा कर टीम ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा भाग निकला। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। दरअसल, शुक्रवार को एसीसीयू प्रभारी निमितेश सिंह को जानकारी मिली थी कि, गांजा तस्कर कटघोरा से बिलासपुर होते हुए मरवाही मार्ग से मध्यप्रदेश जा रहे हैं। उनके पास बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। पुलिस को मुखबिर ने बकायदा मारुति अर्टिगा (सीजी 04 क्यूडी 7255) में गांजा तस्करी होने की जानकारी दी। इस पर एसीसीयू और रतनपुर पुलिस ने भेड़ी मुड़ा नवापारा चौक पर घेराबंदी की। इस दौरान जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस को देख चालक ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस की दो टीमें अलग-अलग वाहनों से पीछा करने लगीं।
भागते समय तस्कर ने कार रॉन्ग साइड पर मोड़ दी। पीछा कर रही टीम के एक जवान ने ड्राइवर साइड पर डंडा मारा, जिससे कार का संतुलन बिगड़ा और वह रुक गई।
एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
इस दौरान एक तस्कर कार से उतरकर भाग गया, जबकि दूसरे को मौके पर पकड़ लिया गया। कार की जांच में काले शीशों के पीछे बड़ी मात्रा में गांजे के पैकेट मिले। कुल 245 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने कार समेत करीब 1.30 करोड़ रुपए का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी ने इस कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। ओडिशा कनेक्शन और एमपी सप्लाई की जांच
गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार केवट मध्य प्रदेश के शहडोल के बुढार का निवासी है। पूछताछ में उसने शुरू में पुलिस को गुमराह किया, लेकिन बाद में बताया कि गांजा कटघोरा मार्ग से मध्य प्रदेश ले जाकर खपाया जाना था। पुलिस अब ओडिशा और मध्य प्रदेश कनेक्शन के साथ मुख्य सरगना की तलाश कर रही है।
दो गाड़ियों में थी खेप, एक निकल गई
पुलिस को सूचना मिली थी कि, दो गाड़ियों से गांजा ले जाया जा रहा है। कार्रवाई में एक कार पकड़ी गई, जबकि दूसरी कार में सवार तस्कर फरार हो गए। पुलिस देर रात तक पकड़े गए आरोपी से दूसरी गाड़ी के बारे में पूछताछ करती रही। फिलहाल मामले की जांच जारी है।