मुंगेली पुलिस ने देशी शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 100 पाव देशी प्लेन शराब, बाइक और मोबाइल जब्त किया गया है। जब्त की गई सामग्री की कुल कीमत 74,000 रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान के तहत की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने असामाजिक तत्वों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति देशी शराब का अवैध परिवहन कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ग्राम बिरगांव कोदवाबानी रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूपेन्द्र कुमार डाहिरे (40) बताया, जो बैगाकापा, थाना लालपुर, जिला मुंगेली का निवासी है।
उसके कब्जे से एक विमल पान मसाला के थैले में 100 नग देशी प्लेन शराब (18 बल्क लीटर) मिली, जिसकी कीमत 8,000 रुपए है। शराब तस्करी में प्रयुक्त बाइक (सीजी-28 यू-2837) और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
जब्त की गई सभी सामग्री की कुल कीमत 74,000 रुपए है। आरोपी भूपेन्द्र कुमार डाहिरे के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 143/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।