छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनी एक किलोमीटर की सड़क महज कुछ दिन में उखड़ने लगी है। हाथ से डामर की परत निकल रही है। घटिया सड़क निर्माण का स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया है। यह सड़क मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक बनाई गई है। जिसमें मुरूम की जगह मिट्टी बिछाया गया। 15 जनवरी से सड़क निर्माण जारी है। जिसका ठेका पीडब्ल्यूडी निर्माण एजेंसी ने अतुल शुक्ला को दिया है। जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच भी सड़क की जांच करने पहुंचे थे। ठेकेदार और अफसरों ने मिलकर किया घपला
प्रतिनिधि सभापति जिला पंचायत बिलासपुर राधा खिलावन पटेल का आरोप है कि, ठेकेदार ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों के साथ मिलकर सड़क निर्माण में भारी लापरवाही बरती है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है।
हालत यह है कि सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई और जगह-जगह से गिट्टियां निकलने लगी हैं। हल्का दबाव पड़ते ही सड़क की परत उखड़ रही है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहा है।
सड़क बनाने तय मापदंडों का नहीं किया पालन
सड़क निर्माण में तय मापदंडों का पालन नहीं किया गया। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी कर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल से की है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बनाया वीडियो
सड़क निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। सड़क की हालत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने नई बनी सड़क का वीडियो भी बनाया है, जिसमें दिखाया गया है कि किस तरह से सड़क पर लगी डामर की परतें हाथ से निकल रही है।