पूरन मेश्राम/मैनपुर।
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के बफर जोन अंतर्गत तौरेंगा परिक्षेत्र के ग्राम जरहीडीह और शोभा के समीप जंगल में दिनांक 12 अक्टूबर सोमवार को दोपहर लगभग 12 बजे एक मवेशी पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी अनुसार मवेशी जंगल किनारे चर रहा था तभी तेंदुए ने उसके गला और मुंँह पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। मवेशी के चिल्लाने और ग्रामीणों की आवाज सुनकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। मवेशी वहीं पर तड़पता रहा।
घटना की तत्काल सूचना जरहीडीह के जागरूक युवा भुआर्य पटेल उर्फ गोलू ने वन विभाग को दी। सूचना पर एसडीओ गोपाल कश्यप के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया।विभाग ने पुष्टि की है कि हमला तेंदुए ने ही किया है।मौके पर पैर और नाखून के निशान भी मिले हैं।
वन विभाग के अनुसार इस इलाके में फिलहाल टाइगर मूवमेंट की भी खोजबीन जारी है।जो कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र से इस इलाके में आया हुआ बताया जा रहा है।
वन विभाग ने बताया कि मवेशी मालिक अज्ञात होने के कारण अभी तक क्षतिपूर्ति प्रकरण नहीं बन पाया है। विभाग मालिक की तलाश कर रहा है।साथ ही वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल किनारे अकेले न जाएंँ।मवेशियों को खुले में न छोड़ें और वन्य जीव दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।