जाड़ापदर में बम्हनीन माता देवगुड़ी निर्माण की स्वीकृति, क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की सौगात

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। विकासखंड मैनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत जाड़ापदर में आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बम्हनीन माता देवगुड़ी निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति आदिम जाति विकास मंत्री माननीय श्री रामविचार नेताम जी के माध्यम से प्राप्त हुई है।

इस महत्वपूर्ण पहल में अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री श्रीमती नंदिनी नेताम एवं क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती कुमारी बाई पटेल के अथक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोनों ने क्षेत्र की जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए देवगुड़ी निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।

देवगुड़ी निर्माण की स्वीकृति मिलने से ग्राम पंचायत जाड़ापदर सहित आसपास के क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। देवगुड़ी हमारी आदिवासी संस्कृति, परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था को संबल मिलेगा तथा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए भी संबंधित मंत्री जी को ज्ञापन सौंपा गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार हो और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा सके।

श्रीमती नंदिनी नेताम एवं श्रीमती कुमारी बाई पटेल द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रयास करना जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इन प्रयासों से ग्राम पंचायत जाड़ापदर सहित आसपास के गांवों में विकास के नए अवसर सृजित होंगे।