छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, डेढ़ साल में प्रदेश की दुर्दशा हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, डेढ़ साल में प्रदेश की दुर्दशा हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय न तो निर्णय ले पा रहे हैं और न ही विकास दिख रहा है। सड़कों की दुर्दशा हो गई है। शिक्षा विभाग उनके अधीन है और शिक्षा विभाग में सेटअप घटाने का प्रयोग हो रहा है।

मुख्यमंत्री अपने मंत्री तक नहीं बना पा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा कि, सरकार पाठशाला बंद कर मधुशाला खोल रही है। पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव अंबिकापुर में कांग्रेस की प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग के साथ पत्रकारों से चर्चा में यह बात कही है।

सिंहदेव ने मैनपाट में भाजपा की तीन दिवसीय चिंतन शिविर को लेकर कहा कि, भाजपा को चिंतन की आवश्यकता है। डेढ़ साल में प्रदेश में दुर्गति हो गई है। मुख्यमंत्री साय सरगुजा संभाग की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। शिक्षा विभाग भी उनके पास है। शिक्षा विभाग के सेटअप को घटाकर वन प्लस वन प्रायमरी और वन प्लस 3 मिडिल स्कूल में कर रहे हैं। 50 हजार शिक्षकों के पद समाप्त हो रहे हैं।

निर्णय लेने की क्षमता नहीं

टीएस सिंहदेव ने कहा कि, प्रदेश में सड़कों की हालत देख लीजिए। अंबिकापुर से रामानुजगंज नहीं पहुंच सकते। शहर के सड़काें की हालत देख लीजिए। पैसा कब आया, कितने करोड़ आया। उसे बैंकों में डालकर ब्याज खा रहे हैं। पब्लिक का काम होना चाहिए। पैसा कब आना चाहिए। क्या गर्मी में काम नहीं हो सकते थे?

सिंहदेव ने कहा कि बिजली की इतनी खस्ताहाल व्यवस्था पहले कभी नहीं हुई। दिनभर में चार बार लाइट काटी जा रही है। जो मुख्यमंत्री अपने केबिनेट के मंत्री की पूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। आप चार मंत्री नहीं बना पा रहे हैं। मुख्यमंत्री निर्णय नहीं कर पाएंगे, तो कैसे काम कर पाएंगे।

पाठशाला बंद कर मधुशाला खोल रही सरकार

AICC सचिव और छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा कि सरकार धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में किसान त्रस्त हो चुके हैं। भाजपा की सरकार प्रदेश में 10 हजार पाठशाला बंद कर 1400 मधुशाला खोल रही है। प्रदेश में सुशासन है या कुशासन, यह प्रदेश की जनता तय करे।

किसान, जवान और संविधान पर चर्चा होगी

कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा कि, 7 जुलाई को किसान-जवान-संविधान को लेकर कांग्रेस की रैली होगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे शामिल होंगे। इसमें प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे। पत्रकारों से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version