
मिली जानकारी के मुताबिक बगैर परमिशन लिए कंपनी के कर्मचारी इंदावानी जलाशय से पाइप-लाइन बिछाकर पानी लेने की तैयारी में थे। हालांकि इसी बीच कंपनी के मैनेजर प्रदीप मिश्रा और बीजेपी नेत्री कनक दुबे (महिला मोर्चा महामंत्री) से बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया।
वायरल ऑडियो में मैनेजर प्रदीप मिश्रा कनक दुबे को बता रहे हैं कि तत्कालीन टीआई सत्यनारायण देवांगन से लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू और कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख ने मामला दबाने के लिए पैसे लिए हैं।
ऑडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेत्री कनक दुबे ने बताया कि उन्हें जाने से मारने की धमकी मिल रही है। शिकायत के बाद राजनांदगांव रेंज आईजी अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि मामले की जांच के लिए निर्देशित किया गया है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, राजनांदगांव के फुलझर गांव में न्यू लुक बायो फ्यूल्स प्लांट है। प्लांट के लिए पानी की जरूरत है। ऐसे में सभी ने मिलकर इंदावानी जलाशय से पाइप-लाइन के जरिए डायरेक्ट पानी लेने की साजिश रची। इसके लिए सरकारी अनुमति भी नहीं ली गई।
मामले की जानकारी ग्रामीणों को लगी। ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। इसे दबाने के लिए सोमनी टीआई ने मदद की। टीआई की मदद से रात में ही पाइप लाइन बिछाने का काम हुआ है।
अब जानिए वायरल ऑडियो में क्या-क्या बातचीत हुई ?
वायरल ऑडियो में मैनेजर प्रदीप मिश्रा बता रहे हैं कि पाइपलाइन बिछाने के लिए टेड़ेसरा सरपंच, मंडल भाजपा अध्यक्ष खिलेश्वर साहू और जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख ने मदद की। इन्होंने व्यवस्था की है। सभी ने पैसे लिए हैं। अब जनप्रतिनिधि घूमने बाहर चले गए हैं, ताकि ग्रामसभा न हो।
ऑडियो में कोपेडीह सरपंच को भी 1 लाख रुपए मिले हैं। बगैर परमिशन काम करने का पूरा रास्ता सोमनी टीआई ने बताया है। सभी लोग कंपनी के कार्यालय आए थे। तब टेडेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू और जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख भी मौजूद थे। सभी को रुपए दे दिए गए हैं।
इसके बाद रात में पाइप लाइन के लिए खुदाई शुरू की गई है। अभी भी अलग-अलग हिस्से में पाइप लाइन की खुदाई रात में चल रही है, ताकि विरोध करने ग्रामीण न पहुंचें और काम आसानी से यहां पर चलता रहे।