बिलासपुर में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 बिल्हा के अंतर्गत नगपुरा से धमनी, कड़ार, कया, बुंदेला और झाल तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग तेज हो गई

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 बिल्हा के अंतर्गत नगपुरा से धमनी, कड़ार, कया, बुंदेला और झाल तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य अनिता राजेंद्र शुक्ला ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर स्वीकृत निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

जिला पंचायत सदस्य अनिता राजेंद्र शुक्ला ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों पर आरोप लगाया है। उनके अनुसार, सड़क निर्माण के बारे में पूछने पर अधिकारी बार-बार टेंडर होने और जल्द कार्य शुरू करने का जवाब देते हैं, लेकिन इसके बावजूद काम शुरू नहीं किया जा रहा है।

सड़क जर्जर, बारिश में कीचड़ और सूखे में धूल से मुश्किल बढ़ी

शुक्ला ने बताया कि बारिश के दिनों में यह जर्जर सड़क कीचड़ से भरे दलदल में बदल जाती है, जिससे स्कूली बच्चों को विशेष परेशानी होती है। सूखे मौसम में धूल और गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन जोखिम भरा हो जाता है।

जिला पंचायत सदस्य ने यह भी कहा कि नगपुरा से झाल तक की सड़क इतनी खराब है कि इससे आम लोगों को हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से किसी अनहोनी से पहले तत्काल सड़क निर्माण शुरू करने का आग्रह किया। उनके अनुसार, सड़क का काम शुरू न होने से ग्रामीणों में गहरा असंतोष है।

Exit mobile version