बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली

Chhattisgarh Crimesबीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नैमेड और भोपालपटनम् थाना क्षेत्रों से कुल 7 नक्सलियों गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से टिफिन बम, डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर सहित अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

नैमेड थाना क्षेत्र में 21 नवंबर को कांडका-जपेली के जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नैमेड थाना पुलिस और कोबरा 210 की संयुक्त टीम ने 5 सक्रिय नक्सलियों सदस्यों को गिरफ्तार किया। इन सभी पर भूमकाल आरपीसी से जुड़े होने और सक्रिय मिलिशिया/जनताना सरकार/डीएकेएमएस गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

ये हैं गिरफ्तार नक्सलियों के नाम

गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान कमलू ओयाम (33, निवासी कचीलवार, आरपीसी भूमकाल मिलिशिया सदस्य), लक्ष्मण उरसा (30, निवासी कचीलवार, आरपीसी जीआरडी डिप्टी कमांडर), लेकाम आयतु (34 वर्ष, निवासी कचीलवार पटेलपारा, आरपीसी डीएकेएमएस सदस्य), लच्छू ओयाम (39, निवासी कचीलवार सरपंचपारा, आरपीसी जनताना सरकार सदस्य) और पंडरू उरसा (31, निवासी दुरधा, दुरधा आरपीसी डीएकेएमएस सदस्य) के रूप में हुई है।

विस्फोटक सामग्री जब्त

सर्चिंग के दौरान इन आरोपियों के कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। वहीं, भोपालपटनम् थाना पुलिस ने मट्टीमरका मार्ग पर एमसीपी चेकिंग के दौरान दो माओवादी सहयोगियों को विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा।

गिरफ्तार सहयोगियों के नाम मड़ लक्ष्मीनारायण उर्फ मड़े लक्ष्मैया उर्फ लच्छू (20, निवासी मट्टीमरका) और लक्ष्मण चिडेम उर्फ लक्ष्मीनारायण उर्फ लच्छू (21, निवासी मट्टीमरका) हैं। इनके कब्जे से 1 टिफिन बम, डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक वायर और कोर्डेक्स वायर बरामद किया गया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

पुलिस ने बताया कि सभी 7 माओवादी आरोपियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ नैमेड और भोपालपटनम् थानों में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Exit mobile version