बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शुक्रवार को अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शुक्रवार को अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। अवैध रूप से परिवहन की जा रही इमारती लकड़ी ‘साल’ जब्त की गई है। मामला वन परिक्षेत्र धमनी क्षेत्र के ग्राम चेरा का है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे एसडीएम रामानुजगंज की टीम अवैध धान परिवहन की आशंका पर पिकअप का पीछा कर रही थी। पीछा किए जाने पर ड्राइवर ने पिकअप को ग्राम चेरा निवासी श्रवण यादव के घर के परछी में खड़ा कर मौके से फरार हो गया।

जांच के दौरान पिकअप में भूसे के नीचे छिपाकर रखी गई इमारती साल लकड़ी बरामद की गई। वाहन से कुल 5 नग साल लकड़ी के लट्ठे जब्त किए गए, जिनकी मात्रा 1.909 घन मीटर बताई गई है। पिकअप को भी मौके पर जब्त कर लिया गया।

जब्त वाहन और वनोपज की कीमत

जब्त किए गए पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है, जबकि जब्त वनोपज (साल लकड़ी) की कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई जा रही है।

सरहदी इलाके में रातभर चल रही थी गश्त

एसडीएम आनंद नेताम ने बताया कि उत्तर प्रदेश से आने वाले अवैध वनोपज और अन्य अवैध परिवहन को रोकने के लिए सरहदी क्षेत्र में पूरी रात गश्त की जा रही थी। इसी दौरान वाहन को देखकर एक पिकअप तेज गति से भागने लगी, जिसका काफी दूर तक पीछा किया गया।

इन धाराओं में की जा रही कार्रवाई

इस मामले में जब्त वाहन और वनोपज को भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) और 41(3), मध्यप्रदेश अभिवहन (वनोपज) नियम 2000 के नियम 3, मध्यप्रदेश व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 की धारा 5(1) के तहत राजसात किए जाने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। मामले को जांच में लिया गया है।

Exit mobile version