बिलासपुर के कोटा थाने में गाली-गलौज और हंगामा करने वाले कांग्रेस नेता समेत 6 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के कोटा थाने में गाली-गलौज और हंगामा करने वाले कांग्रेस नेता समेत 6 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। इससे पहले स्थानीय पुलिस अफसरों ने तलवार से हमला करने और बवाल मचाने के बाद भी कार्रवाई नहीं की थी।

साथ ही एसएसपी रजनेश सिंह को गुमराह करने की कोशिश करते रहे। लेकिन थाने में हंगामे और गाली-गलौज करने का वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

पहले जानिए क्यों हुआ विवाद ?

दरअसल, कोटा के चंडी माता चौक के पास रहने वाले कांग्रेस नेता और क्रशर संचालक संतोष मिश्रा और ठेकेदार राम सोनी के बीच गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान संतोष मिश्रा ने राम सोनी के साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारने लगा।

इससे नाराज राम सोनी ने उसे जमीन पर पटक दिया और मारने लगा। राम के परिजनों ने विवाद शांत कराया, जिसके बाद संतोष मिश्रा वहां से चला गया। कुछ देर बात वो तलवार लेकर आया और राम सोनी पर हमला कर दिया।

दोनों पक्षों की भीड़ पहुंची थाने, FIR करने का बनाया दबाव

इस विवाद के बाद कांग्रेस नेता संतोष के साथ ही ठेकेदार राम सोनी के पक्ष में लोगों की भीड़ पहुंच गई। इसके चलते थाने में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि दोनों पक्ष एफआईआर दर्ज करने के लिए दबाव बना रहे थे।

इसी दौरान संतोष मिश्रा और राम सोनी थाने के विवाद करने लगे। दोनों एक-दूसरे को गाली देते रहे। थाने में हंगामा मचाते रहे। बताया जा रहा है कि इतना सब कुछ होने के बाद स्थानीय पुलिस अफसरों ने कार्रवाई नहीं की। बल्कि, दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश करते रहे।

थाने में विवाद और हंगामे का वीडियो वायरल

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। साथ ही घटना से जुड़े सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में घायल राम, भाजपा नेता विकास सिंह और उनके साथियों के साथ संतोष गाली-गलौज करते दिख रहे हैं।

सीसीटीवी वीडियो में राम, विकास सिंह और उनके साथी मिलकर संतोष मिश्रा और उसके साथ आए लोगों के साथ मारपीट कर रहे हैं। वीडियो में दोनों पक्ष के लोग थाने के भीतर गाली-गलौज करते हुए धमकी देते नजर आ रहे हैं। एक सिपाही उन्हें रोकने की बजाए कैमरा लगे होने की बात कहते हुए बाहर जाने को कहा।

नाराज एसएसपी के निर्देश पर दोनों पक्षों पर केस दर्ज

थाने में गाली-गलौज और हंगामा मचाने का वीडियो एसएसपी रजनेश सिंह को मिला, जिसे देखकर उन्होंने टीआई नरेश चौहान को कड़ी फटकार लगाई। नाराज एसएसपी ने थाने का माहौल खराब करने और पुलिस के काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने केस दर्ज किया है। वीडियो में दिख रहे 6 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Exit mobile version