छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भीम सिंह और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता केके कटारे ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पीएम जनमन सड़कों का दो दिवसीय गहन निरीक्षण किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भीम सिंह और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता केके कटारे ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पीएम जनमन सड़कों का दो दिवसीय गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान छह सड़कों की गुणवत्ता में गंभीर खामियां पाई गईं। इसके बाद अधिकारियों ने सख्त निर्देश जारी किए और एक उप अभियंता को निलंबित कर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के हितग्राहियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पीएम जनमन सड़कों के निर्माण से उनके दैनिक जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों के बनने से आवागमन में काफी सुधार हुआ है।

धान मंडी तक अब ट्रैक्टर से पहुंच रहा माल

पहाड़ी कोरवा समुदाय के बिफना राम एदगे ने बताया कि पहले उन्हें धान मंडी तक मोटरसाइकिल से जाना पड़ता था। अब सड़क बनने के बाद ट्रैक्टर से पूरा भार आसानी से मंडी तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सड़क उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।

ग्रामीणों ने उठाई डामर मोटाई बढ़ाने की मांग

पहाड़ी कोरवा समुदाय के सूखना हसदा और परमेश्वर हसदा ने सड़क में डामर की मोटाई बढ़ाने की मांग रखी। ग्रामीण गुरेन्दर ने बताया कि अब उनके आवास निर्माण के लिए ईंट और सीमेंट जैसी सामग्री भी जनमन सड़क के माध्यम से आसानी से पहुंच रही है।

योजना की जानकारी नहीं होने पर अधिकारियों ने जताई चिंता

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई हितग्राहियों को यह जानकारी नहीं थी कि सड़क किस योजना के तहत बनाई जा रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता को जनमन योजना के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

पंचायत बैठकों और वाल राइटिंग से प्रचार के निर्देश

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पंचायत बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही वाल राइटिंग के माध्यम से योजना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाए।

पास्ता-चिलमखुर्द सड़क में डामर कार्य में गंभीर खामियां

पास्ता-चिलमखुर्द पीएमजीएसवाई सड़क से बासीमुड़ा तक किए गए डामर कार्य में गंभीर खामियां पाई गईं। इस पर प्रमुख अभियंता के.के. कटारे और सीईओ भीम सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई।

उप अभियंता निलंबित, ठेकेदार को दोबारा काम करने का आदेश

अधिकारियों ने संबंधित उप अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदार को पूरी सड़क पर बिटुमिनस सरफेस (बीटी सरफेस) का कार्य दोबारा करने का आदेश दिया गया है।

निरीक्षण में जिला पंचायत सीईओ भी रहीं मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा तोमर भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने कहा कि गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version