छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अनुभव QR कोड की शुरुआत कर दी गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अनुभव QR कोड की शुरुआत कर दी गई है। पुलिस की यह पहल आम लोगों के लिए काफी बेहतर साबित होगी। पुलिस महानिरीक्षक ने बिलासपुर रेंज में अनुभव क्यूआर कोड लॉन्च किया, जिसके बाद रायगढ़ जिले के सभी थाना और चौकियों में क्यूआर कोड चस्पा कर दिया गया है।

अब आमजन इसके माध्यम से थाना से संबंधित अपना फीडबैक दे सकेंगे। जिले में 18 थाने और 3 पुलिस चौकियां हैं। इन थानों में प्रतिदिन लोग अपनी शिकायतें और अन्य जानकारी लेकर पहुंचते हैं। कई बार थाने में आम लोगों को किसी काम के लिए कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार समस्या का जल्द समाधान होने पर संबंधित लोगों में खुशी भी होती है।

ऐसे में अब आमजन बिना किसी वरिष्ठ कार्यालय के चक्कर लगाए, सीधे संबंधित थाना के संबंध में अपना अनुभव, फीडबैक और समस्याएं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन कर अनुभव साझा करने पर यह फीडबैक सीधे बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक तक पहुंच जाएगा।

इसके बाद समस्या का समाधान भी किया जाएगा। साथ ही थाना और वहां पदस्थ पुलिस अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन भी संभव हो सकेगा।

जानिए कैसे करेगा अनुभव QR कोड काम

आमजन अपने मोबाइल के गूगल कैमरे को खोलकर क्यूआर कोड को स्कैन करेंगे। इसके बाद एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से संबंधित व्यक्ति अपना फीडबैक दे सकेगा। फॉर्म सबमिट करने पर यह जानकारी सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दर्ज हो जाएगी।

फीडबैक देने वाला व्यक्ति चाहे तो अपनी पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय भी रख सकता है। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।

ऑफिस और थाना में लगाए गए

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि अनुभव क्यूआर कोड लॉन्च होने के बाद जिले के सभी थानों और चौकियों में इसे लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि यह गूगल फॉर्म के माध्यम से काम करेगा। क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद लोग थाना से संबंधित अपना अनुभव और जानकारी भरकर सबमिट करेंगे, जो सीधे उच्चाधिकारियों तक पहुंचेगा। जिले में इसके लिए एक नोडल राजपत्रित अधिकारी की भी नियुक्ति की जाएगी।

Exit mobile version