छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार ऐसोसिएशन चुनाव को लेकर दायर याचिका पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार ऐसोसिएशन चुनाव को लेकर दायर याचिका पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जस्टिस एनके चंद्रवंशी ने याचिकाकर्ता के उस आवेदन को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने चुनाव पर रोक लगाने की मांग की थी। हाईकोर्ट ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में अब हस्तक्षेप नहीं की जा सकती। बता दें कि 12 फरवरी को होने वाले चुनाव में अध्यक्ष के सात समेत 17 पदों के लिए 61 प्रत्याशी मैदान में हैं।

प्रशासक समिति की अधिसूचना को दी थी चुनौती दरअसल, एडवोकेट निरूपमा वाजपेयी ने हाईकोर्ट में यााचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के प्रशासक समिति द्वारा चुनाव प्रक्रिया को लेकर जारी अधिसूचना को चुनौती दी थी। याचिका में कहा गया कि बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी 15 की थी, जिसे गलत तरीके से बढ़ाकर महिला आरक्षण तय किया गया है। जबकि, प्रशासक को कार्यकारिणी के पदों में वृद्धि करने का अधिकार नहीं है। केवल सामान्य सभा पद बढ़ाने पर विचार कर सकता है। हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के बाद भी चुनावी प्रक्रिया जारी रखने पर उन्होंने आवेदन भी प्रस्तुत किया था, जिसमें चुनाव पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

हाईकोर्ट बोला- प्रक्रिया शुरू होने के बाद चुनाव पर रोक नहीं लगा सकते सुनवाई के दौरान बताया गया कि बार एसोसिएशन का कार्यकाल खत्म हो चुका है, जिसके चलते हाईकोर्ट और राज्य अधिवक्ता परिषद ने प्रशासक नियुक्त किया है। प्रशासक ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईकोर्ट और राज्य अधिवक्ता परिषद से मार्गदर्शन लेकर प्रक्रिया शुरू की है। सभी पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट के जस्टिस एनके चंद्रवंशी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई और मतदान की तारीख के साथ ही नामांकन पत्रों की स्कूटनी हो चुकी है। ऐसे में चुनाव पर रोक नहीं लगाई जा सकती।

जानिए अध्यक्ष के लिए कौन-कौन दावेदार हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-2028 के लिए चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनूप मजुमदार द्वारा जारी सूचना के अनुसार 17 पदों के लिए 61 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। अध्यक्ष के लिए सीनियर एडवोकेट राजीव श्रीवास्तव, अरविंद सिन्हा, दिनेश कुमार तिवारी, अब्दुल वहाब खान, शैलेन्द्र कुमार बाजपेयी, हनुमान प्रसाद अग्रवाल और रजनीश सिंह बघेल मैदान में हैं। वहीं, उपाध्यक्ष (वरिष्ठ) के लिए दीपक कुमार जैन, भरत लाल सोनी, गौतम खेत्रपाल, अरविंद दुबे, महेन्द्र नाथ दुबे और शशिकांत सोनकर ने फार्म भरे हैं। वहीं उपाध्यक्ष (महिला) पद के लिए मांडवी भारद्वाज, संगीता मिश्रा, मधुनिशा सिंह और रीमा दुबे के बीच प्रतिस्पर्धा होगी।

ग्रंथालय सचिव के लिए 5 उम्मीदवार कोषाध्यक्ष पद के लिए हर आशा पूरन सिंह भाटिया, लवकुश कुमार साहू और श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने दावेदारी पेश की। क्रीडा एवं सांस्कृतिक सचिव (वरिष्ठ) पद के लिए ईश्वर जयसवाल, कुलेश कुमार साहू और अमन पाण्डे के नाम सामने आए हैं। क्रीडा एवं सांस्कृतिक सचिव (महिला) के लिए प्रज्ञा पाण्डे, एम. आशा और कविता तिवारी दौड़ में हैं। ग्रंथालय सचिव के लिए राहुल कुमार मिश्रा, कमलेश्वर प्रसाद साहू, ब्रिजेश सिंह, आदित्य खरे और आशीष बेक के नामांकन वैध मिले हैं। सह सचिव के लिए समीर सिंह, विजय कुमार साहू और कृपेश जी. प्रसाद केला मैदान में हैं। जबकि सह सचिव (महिला) के लिए आस्था शुक्ला और लता नायक के नामांकन मान्य हुए हैं।

कार्यकारिणी सदस्य के लिए 16 प्रत्याशी कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए बंसत कुमार कैर्वत, राम विफल राम राजवाड़े, अभिषेक पाण्डेय, शरद मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, गोरे लाल उइके, त्रिवेणी शंकर साहू, ईश्वरी घृतलहरे, संतोष कुमार पाण्डेय, रेशम लाल जयसवाल, विख्यात अरोरा, अफताबुन निशा, श्रेष्ठा गुप्ता, साक्षी बाली, उज्जवल चौबे, स्वाति अग्रवाल, प्रहलाद और जयप्रकाश तिवारी शामिल हैं। वहीं, कार्यकारिणी (महिला) पद के लिए दीप्ति तिवारी और लक्ष्मिन कश्यप के बीच मुकाबला है।

Exit mobile version