
शिक्षक रामलाल साहू ने 12 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 फरवरी को दोपहर 2 से 2:30 बजे के बीच वे परिवार के साथ कसडोल कार खरीदने गए थे। रात 10 से 10:30 बजे पवनी लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा मिला।
जांच में सामने आया कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और आधार कार्ड सहित कुल 7,41,500 रुपए की चोरी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान प्रार्थी शिक्षक रामलाल और उनके परिवार से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि 6 से 8 फरवरी तक उनकी छोटी बेटी नमिता साहू की शादी थी। इस दौरान घर में मेहमानों, ग्रामीणों, टेंट, कैटरिंग और कैमरा वालों का आना-जाना लगा हुआ था। पुलिस ने इन सभी से बारी-बारी से पूछताछ की।
डॉग स्क्वॉड ने की आरोपी की पहचान
पूछताछ के दौरान कौशिक प्रधान नामक एक व्यक्ति घबरा गया। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड ने कौशिक प्रधान की पहचान की। सख्ती से पूछताछ करने पर कौशिक प्रधान ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसके माता-पिता गरीब हैं और उन पर एक लाख रुपए का कर्ज है। उसने शादी में टेंट लगाने के दौरान रामलाल साहू को अलमारी से पैसे निकालते और गिनते देखा था, जिससे उसके मन में लालच आ गया। उसने सोचा कि शिक्षक के पास बहुत पैसा होगा और वह चोरी करके कर्ज चुका देगा।
सूने मकान में वारदात को दिया अंजाम
आरोपी ने 11 फरवरी को चोरी के लिए सही मौके का इंतजार किया। टेंट का सामान निकालने के बहाने वह घर के पास गया और देखा कि घर पर ताला लगा है और सुनसान है। रात करीब 8 बजे उसने आंगन में पड़े लोहे के सब्बल और कुदाली से दरवाजे का ताला तोड़ा।
घर के अंदर घुसकर उसने कुदाली से अलमारी का ताला भी तोड़ा और उसमें रखे बड़े बैग से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली।