दुर्ग जिले में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों की तामीली के लिए पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों की तामीली के लिए पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। सभी थाना और चौकी इलाके में लगातार कांबिंग गश्त और पतासाजी के माध्यम से वारंटियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने 13 फरवरी से यह विशेष अभियान शुरू किया है। जिसके तहत स्थायी (बेमियादी) और गिरफ्तारी वारंटों की तामीली के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पहले दिन पुलिस ने 32 स्थायी (बेमियादी) वारंट और 46 गिरफ्तारी वारंट तामील किए।

इसके बाद दूसरे दिन 14 फरवरी को 97 स्थायी (बेमियादी) वारंट और 47 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।

वारंटियों को कोर्ट में किया पेश

दो दिन की संयुक्त कार्रवाई में 129 स्थायी (बेमियादी) वारंट और 93 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। गिरफ्तार वारंटियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि, अभियान के दौरान पहले भी ऐसे 16 वारंटियों के संबंध में भी नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की गई। जिनकी मौत हो चुकी है। इससे लंबित मामलों के निराकरण में भी सहायता मिली है।

लगातार की जाएगी कार्रवाई

पुलिस अफसरों की माने तो लगातार निगरानी, कांबिंग गश्त और समन्वित प्रयासों के माध्यम से लंबित वारंटों की त्वरित तामीली सुनिश्चित की गई। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। फरार रहने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि जिले में यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।

Exit mobile version